दतिया उपचुनाव: तीन अगस्त को होगी मतगणना, सभी तैयारियां पूरी
दतिया, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के तहत 3 अगस्त को शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में मतगणना कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना सुबह आठ बजे डाक मतपत्रों की गणना से शुरू होगी, जबकि सुबह साढ़े आठ बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती प्रारंभ की जाएगी।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मतगणना के लिए 20 काउंटिंग टेबल बनाई गई हैं। इसके अलावा डाक मतपत्रों की गणना के लिए अलग से एक काउंटर स्थापित किया गया है। ईवीएम के मतों की गणना 15 चरणों (राउंड) में पूरी की जाएगी।
प्रत्येक काउंटिंग टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है। संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया के संचालन के लिए लगभग 350 अधिकारियों और कर्मचारियों को दायित्व सौंपा गया है।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रभावी बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि मतगणना शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीडिया सेंटर भी बनाया गया है, जहां से उन्हें मतगणना से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/संतोष तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा