दतिया उपचुनाव: जीतू पटवारी ने मंच पर बुलाया भाजपा प्रत्याशी, बोले- दूर से जाओगे तो कैसे चलेगा?

 


जनसभा के बीच भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी पहुंचे, माइक लेकर बोले- विचारधारा अलग, लेकिन रिश्ते पुराने हैं

दतिया, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान रविवार को चिरूला गांव में चुनावी प्रतिद्वंद्विता के बीच सौहार्द का अनोखा दृश्य देखने को मिला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी गांव में जनसंपर्क करते हुए वहां पहुंचे।

आशुतोष तिवारी ने दूर से ही जीतू पटवारी का अभिवादन किया और आगे बढ़ने लगे। इस पर जीतू पटवारी ने मंच से उन्हें आवाज देते हुए कहा, अरे, पास आकर मिलो... इतनी दूर से क्यों जा रहे हो? ऐसे नहीं चलेगा। इसके बाद आशुतोष तिवारी मंच के पास पहुंचे। मंच पर पहुंचने के बाद जीतू पटवारी ने मुस्कुराते हुए कहा, आप पहली बार यहां चुनाव लड़ने आए हैं। इससे पहले तो कभी आए नहीं। फिर भी दूर-दूर से जाओगे तो कैसे चलेगा?

इस दौरान आशुतोष तिवारी ने जीतू पटवारी के हाथ से माइक लिया और सभा को संबोधित करते हुए कहा, हमारी विचारधारा अलग-अलग है, लेकिन हमारे परिवारों के रिश्ते बहुत पुराने हैं। मैं आप सभी से प्रार्थना करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद दें। सिर झुकाकर आप सभी के आशीर्वाद की अपेक्षा करता हूं।

आशुतोष के संबोधन के बाद जीतू पटवारी ने फिर माइक संभालते हुए कहा, एक मिनट आशुतोष जी... आशीर्वाद मांगना आपका अधिकार है।

इसी बीच जब आशुतोष वहां से जाने लगे तो जीतू ने उन्हें रोकते हुए कहा कि उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से पूछा था कि क्या उन्होंने आशुतोष तिवारी को इससे पहले गांव में देखा है, लेकिन किसी ने हाथ नहीं उठाया। इस पर आशुतोष तिवारी ने जवाब दिया, सबको जानकारी है, मैं यहीं का रहने वाला हूं। यहीं मेरा घर है और बचपन से यहीं हूं। इतना कहकर वे वहां से आगे बढ़ गए।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चुनावी माहौल के बीच दोनों नेताओं की सहज मुलाकात और मंच से हुई बातचीत चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग इसे लोकतांत्रिक सौहार्द का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कई इसे चुनाव प्रचार का दिलचस्प पल मान रहे हैं।

दोनों दलों ने प्रचार में झोंकी ताकत

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने कुंवर घनश्याम सिंह को प्रत्याशी बनाया है। उनके समर्थन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में भी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी लगातार जनसंपर्क और चुनाव प्रचार में जुटे हैं। ऐसे में चुनावी मुकाबले के बीच दोनों नेताओं की यह मुलाकात पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे