दतिया उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भरा नामांकन, नेताओं ने भाजपा पर साधा निशाना
दतिया/ भाेपाल, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने सोमवार को वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने इसे प्रदेश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण चुनाव बताते हुए भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी के आरोप लगाए।
सभा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि किसान, युवा, महिलाएं, छोटे व्यापारी और आम नागरिक विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का निर्णय अब जनता के हाथ में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया उपचुनाव केवल एक विधानसभा क्षेत्र का चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए किसानों, महिलाओं और युवाओं से जुड़े कई प्रमुख वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने सरकार से गेहूं, धान और सोयाबीन के समर्थन मूल्य तथा महिलाओं को आर्थिक सहायता से जुड़े वादों पर जवाब मांगा।
पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सर्वसम्मति से चुने गए उम्मीदवार हैं और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर चुनाव अभियान चलाने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र जनता की ताकत से चलता है और दतिया की जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपना फैसला सुनाएगी।
सभा के अंत में कांग्रेस नेताओं ने मतदाताओं से लोकतंत्र, संविधान, किसान, युवा, महिला और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उनका कहना था कि यह चुनाव केवल एक सीट का नहीं, बल्कि जनहित, जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना का चुनाव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे