दतिया उपचुनाव: चेकिंग के दौरान स्कूली वाहन से 3.30 लाख रुपये नकद जब्त
दतिया, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के प्रभावी पालन और निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए गठित फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस चेकिंग के दौरान एक स्कूली वाहन से 3 लाख 30 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में गायत्री गार्डन पुलिस चेकिंग पॉइंट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इस दौरान स्कूली वाहन क्रमांक एमपी-32-ज़ेडएल-3524 को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान वाहन चालक राजू रजक के पास से 3 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान चालक उक्त राशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सका।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार एफएसटी टीम ने पूरी राशि जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा उपनिर्वाचन के दौरान अवैध नकदी, शराब और अन्य प्रलोभनकारी सामग्री के परिवहन पर नजर रखने के लिए जिलेभर में सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा