दतिया उपचुनाव: भाजपा की सभा में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, बोले- आशुतोष को जिताने एक-एक घर के सामने शीश नवाऊंगा
दतिया, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने सुबह नामांकन भरा, जबकि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने दोपहर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
भाजपा की नामांकन सभा का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब पूर्व गृह मंत्री और दतिया से लंबे समय तक विधायक रहे डॉ. नरोत्तम मिश्रा मंच से कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। दतिया से अपने लंबे राजनीतिक और भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए उनका गला भर आया और आंखों से आंसू छलक पड़े। कुछ क्षण रुकने के बाद उन्होंने अपना भाषण बीच में ही समाप्त कर दिया।
'पार्टी ने बहुत दिया, अब एक-एक घर जाकर वोट मांगूंगा'
भावुक होते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने उन्हें 30 वर्षों तक विधायक और 15 वर्षों तक मंत्री रहने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी के प्रति अपना दायित्व निभाने का समय है। उन्होंने कहा, भ्रम में कोई न रहे कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता घर बैठेगा। मैं स्वयं दतिया में डेरा डालूंगा। एक-एक गांव जाऊंगा, एक-एक घर के सामने शीश नवाऊंगा और आशुतोष तिवारी को जिताकर रहूंगा। यह कहते-कहते उनका गला रुंध गया और वे अपनी बात पूरी नहीं कर सके। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य नेताओं ने उन्हें संभाला। सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
भाजपा में फूट की अटकलों को किया खारिज
अपने संबोधन में नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के उस आरोप को भी खारिज किया, जिसमें भाजपा के भीतर मतभेद होने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा में फूट होती तो सभी नेता एक मंच पर एकजुट दिखाई नहीं देते। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस के पास बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर भी तंज कसते हुए उन्हें एक्सपायरी डेट की होम्योपैथी की गोली बताया और कहा कि वे मीठे जरूर लगते हैं, लेकिन उनका कोई असर नहीं होता।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पिछले दो दशकों में दतिया का व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पहले जहां तांगे चलते थे, वहां आज हवाई सेवाएं उपलब्ध हैं और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव बोले- 'आशुतोष को पार लगाना अब आपकी जिम्मेदारी'
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दतिया उपचुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने मंच से नरोत्तम मिश्रा की ओर मुखातिब होते हुए कहा, नरोत्तम जी, हम अपने छोटे भाई आशुतोष तिवारी को आपके सुपुर्द कर रहे हैं। इन्हें विजय दिलाने की जिम्मेदारी अब आपकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव में उम्मीदवार की तरह काम करता है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्य प्रदेश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक शासन करने के बावजूद कांग्रेस प्रदेश के विकास में अपेक्षित योगदान नहीं दे सकी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में आधारभूत संरचना, निवेश, बिजली, धार्मिक पर्यटन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास के लिए सरकार किसी भी आवश्यक परियोजना को मंजूरी देने के लिए तैयार है।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को परिणाम
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती का निर्वाचन निरस्त होने के बाद कराया जा रहा है। भाजपा ने इस बार पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है। ऐसे में दोनों दलों ने चुनाव प्रचार पूरी ताकत से शुरू कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे