दतिया उपचुनाव: भाजपा ने विकास के नाम पर मांगा जनसमर्थन, कांग्रेस पर साधा निशाना

 


दतिया/भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में भारतीय जनता पार्टी ने विकास को प्रमुख मुद्दा बताते हुए मतदाताओं से समर्थन की अपील की। मंगलवार को दतिया के मीडिया सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी की विकास योजनाओं को सामने रखते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया विधानसभा का यह उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य और विकास का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि प्रचार अभियान के दौरान भाजपा को जनता का अभूतपूर्व समर्थन और विश्वास मिला है, जो मतदान के दिन भी दिखाई देगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने दतिया में मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट, सड़क नेटवर्क, सिंचाई परियोजनाओं, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। आने वाले समय में हजारों करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित डिफेंस पार्क दतिया के औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आएगा।

ढाई साल विकास रुका, अब फिर मिलेगी रफ्तार

खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में दतिया का विकास प्रभावित हुआ और कई योजनाएं ठप रहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर विकास कार्यों को फिर से गति मिलेगी। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि उनका प्रत्येक वोट विकसित, समृद्ध और सुरक्षित दतिया के निर्माण में योगदान देगा।

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर चुनाव प्रचार के दौरान भ्रम फैलाने और निराधार आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा चुनाव अभियान नकारात्मक राजनीति पर आधारित है और पार्टी संभावित हार को देखते हुए पहले से ही चुनाव आयोग, प्रशासन और अन्य संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने का प्रयास करेगी।

दतिया का विकास भाजपा ही कर सकती है

वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दतिया के विकास का भरोसा केवल भाजपा ही दे सकती है। उन्होंने कांग्रेस पर वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है और आशुतोष तिवारी एक समर्पित एवं जमीनी कार्यकर्ता हैं।

डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा, कांग्रेस में राजा के पास राज्य नहीं और पटवारी के पास हल्का नहीं है। उन्होंने दावा किया कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेगी।

भाजपा नेताओं ने अंत में मतदाताओं से 30 जुलाई को कमल के चुनाव चिन्ह के पक्ष में मतदान कर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने की अपील की। पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे