दतिया उपचुनाव: भाजपा ने नामांकन के साथ दिखाया शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री बोले- 'राजा और रंक के बीच का चुनाव
दतिया/भोपाल, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को शक्ति प्रदर्शन के साथ चुनावी अभियान का आगाज किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इसके बाद किला चौक पर आयोजित विशाल जनसभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले बोलते हुए विकास, सुशासन और संगठन की ताकत को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस और उनकी मानसिकता जमीन पर टिकती ही नहीं है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को अपनी जमीन पता नहीं है और आसमान खरीदने की बात करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश समेत पूरा देश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। कांग्रेस में हमेशा व्यक्तिवाद और आपसी फूट रही है, जिसका उदाहरण है कि कांग्रेस के मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर उनके ही प्रदेश अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। भारतीय जनता पार्टी में परिवारभाव है। कोई भी चुनाव हो, हमारा प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ता है और विजयी होता है।
'यह उपचुनाव राजा और रंक के बीच का चुनाव' : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दतिया का उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि विचारधारा और विकास की राजनीति का चुनाव है। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस ने राजघराने से जुड़े उम्मीदवार को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने एक सामान्य परिवार से आने वाले कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास की राजनीति छोड़कर समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का काम करती रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्य प्रदेश तेजी से विकास कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस कई राज्यों में अपना जनाधार खो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने दतिया की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि पीतांबरा माई और बाबा महाकाल के आशीर्वाद से दतिया में विकास की नई धारा बहेगी और क्षेत्र में अधोसंरचना, रोजगार तथा निवेश को नई गति मिलेगी।
'डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में जीतेगी भाजपा'
मुख्यमंत्री ने दतिया के विकास का श्रेय पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज, आधुनिक कलेक्ट्रेट भवन, सड़कें और अन्य विकास कार्य भाजपा सरकार की देन हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस चुनाव को डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में लड़ रही है और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद प्रदेश को पिछड़ेपन से बाहर नहीं निकाला जा सका। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और निवेश के नए अवसर पैदा हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार आईटी, सेमीकंडक्टर और डिफेंस सेक्टर में बड़े निवेश ला रही है, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राम और कृष्ण से जुड़े स्थलों को विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को दिया बूथ स्तर पर जुटने का संदेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने आशुतोष तिवारी को समर्पित और संगठननिष्ठ कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उनकी जीत दतिया के विकास को नई गति देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार का सीधा लाभ दतिया को मिलेगा और रुकी हुई विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ेंगी।
भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, बोले- 'एक-एक घर जाकर शीश नवाऊंगा'
सभा का सबसे भावुक क्षण तब आया जब पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मंच से संबोधन के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें 30 वर्षों तक विधायक और 15 वर्षों तक मंत्री रहने का अवसर दिया है, इसलिए अब पार्टी और कार्यकर्ताओं के प्रति अपना दायित्व निभाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा, मैं दतिया के एक-एक घर जाऊंगा, हर दरवाजे पर शीश नवाऊंगा और आशुतोष तिवारी को विजयी बनाकर रहूंगा। भाजपा का कोई कार्यकर्ता घर नहीं बैठेगा। हम सभी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। भावुक होकर उन्होंने कहा कि 20 वर्ष पहले दतिया में तांगे चलते थे, जबकि आज यहां हवाई सेवाएं उपलब्ध हैं, जो भाजपा सरकार के विकास कार्यों का प्रमाण है।
नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दतिया में वर्षों तक कांग्रेस के विधायक रहे, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के आधार पर जनता से वोट मांग रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
आशुतोष तिवारी बोले- जनता की सेवा ही मेरा संकल्प
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि वे दतिया की जनता के बेटे हैं और पार्टी ने उन्हें जनता की सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे क्षेत्र के विकास और जनसेवा में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। दतिया को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए जनता से कमल के फूल के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
सभा में प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, राकेश शुक्ला, एंदल सिंह कंसाना, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, संध्या राय, भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री इमरती देवी, महेंद्र यादव, केशव सिंह बघेल, कौशल शर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे