दतिया उपचुनाव: बूथ कार्यकर्ता ही भाजपा की जीत की सबसे बड़ी ताकत, डॉ. महेंद्र सिंह का कार्यकर्ताओं से आह्वान
दतिया/भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बूथ प्रबंधन और अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने पर पूरा जोर दिया है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को दतिया विधानसभा के सीतापुर मंडल के सिरोल शक्ति केंद्र की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से मतदान के दिन पूरी सक्रियता और अनुशासन के साथ जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सफलता का आधार बूथ अध्यक्ष, पोलिंग एजेंट, पन्ना प्रमुख और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत और संगठनात्मक क्षमता चुनावी जीत सुनिश्चित करती है।
प्रत्येक वोट वर्षों की मेहनत का परिणाम
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार का चरण पूरा हो चुका है और अब संगठन की पूरी ऊर्जा मतदान के दिन अधिकतम मतदान सुनिश्चित कराने पर केंद्रित होनी चाहिए। उनके अनुसार, मतदान का प्रत्येक वोट संगठन और कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत का परिणाम होता है, इसलिए मतदान दिवस पर पूरी सतर्कता, अनुशासन और सक्रियता के साथ कार्य करना आवश्यक है। प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदान समाप्त होने तक अपने-अपने बूथों पर डटे रहें, मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखें और निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान में सहयोग करें।
बूथ स्तर की रणनीति पर दिया जोर
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई है। अब उस मेहनत को मतदान के दिन परिणाम में बदलने का समय है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों, पोलिंग एजेंटों और पन्ना प्रमुखों से कहा कि वे आपसी समन्वय के साथ बूथ स्तर की माइक्रो प्लानिंग को प्रभावी ढंग से लागू करें और अधिक से अधिक समर्थक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने का प्रयास करें।
बैठक के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा का मजबूत संगठन, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता का समर्थन मिलकर दतिया विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे