दतिया उपचुनाव: भाजपा ने सांसद भारत सिंह कुशवाह को बनाया चुनाव प्रभारी, राहुल कोठारी बने सह-प्रभारी
भोपाल/दतिया, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-22 के उपचुनाव के लिए बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी टीम घोषित कर दी है। पार्टी ने ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह को दतिया का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करीबी और भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को सह-प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि दतिया विधानसभा क्षेत्र में आगामी 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान होना है, जिसे देखते हुए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस हाई-प्रोफाइल सीट पर भाजपा ने इस बार बड़ा फेरबदल करते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह पूर्व संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के इस फैसले के बाद से ही क्षेत्र में सियासी सरगर्मियां तेज हैं और नए चेहरों की ताजपोशी के बाद पार्टी की चुनावी नैया को पार लगाने का जिम्मा अब भारत सिंह कुशवाह और राहुल कोठारी के कंधों पर होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा बुधवार कोजारी इस आदेश में दोनों नेताओं को तत्काल प्रभाव से दायित्व सौंपा गया है। पार्टी ने आगामी उपचुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से यह नियुक्तियां की हैं। दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है।
त्रिकोणीय मुकाबले के बीच कड़ा इम्तिहान
बीजेपी की इस नई चुनावी टीम के सामने दतिया की जंग फतह करना एक बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय हो चुका है। मैदान में एक तरफ जहां भाजपा के आशुतोष तिवारी हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने अपने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर दांव खेला है। इसके अलावा आजाद समाज पार्टी (आसपा) से दामोदर यादव भी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। ऐसे में भाजपा के नए रणनीतिकारों को टिकट बदलने से उपजे अंदरूनी समीकरणों को साधने के साथ-साथ विपक्ष की कड़ी घेराबंदी से भी निपटना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत