दमोह में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद
दमोह, 28 जून (हि.स.) । मध्य प्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय स्थित जिला चिकित्सालय में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को टॉफी और गुब्बारे भी वितरित किए तथा अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी बच्चों को समय पर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य लगातार मजबूत होता रहे।
कलेक्टर के जिला चिकित्सालय पहुंचने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय, सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए वहां चल रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से अस्पताल परिसर में विकसित किए जा रहे उद्यान और मरीजों के लिए तैयार किए गए सकारात्मक वातावरण की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि जिला चिकित्सालय में तीन नर्सों द्वारा संयुक्त रूप से एक विशेष जनजागरूकता पहल संचालित की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत स्वास्थ्य लाभ लेने आने वाली महिलाओं और बच्चों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी, पौष्टिक आहार के महत्व, स्वच्छता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, योग, प्राणायाम, ध्यान तथा गीत और भजनों के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कलेक्टर ने इस नवाचार को सराहनीय बताते हुए इसे जनस्वास्थ्य के लिए उपयोगी पहल बताया।
अस्पताल भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों एवं अन्य सेवा प्रदाता कर्मचारियों से भी संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कर्मचारियों ने वेतन एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने श्रम अधिकारी को तत्काल निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों की शिकायतों की नियमानुसार जांच कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्हें उनका पूरा वैधानिक वेतन और देय भुगतान नियमानुसार दिलाया जाएगा तथा किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता लगातार बेहतर हो रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखें, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों का सहयोग करें तथा अनुशासन का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय जनता की साझा संपत्ति है और इसकी बेहतर व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर अनुविभागीय दंडाधिकारी दमोह सौरभ गंधर्व सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव