दमोह: प्रधानमंत्री आवास के पात्र हितग्राहियों के खातों में जल्द पहुंचेगी रुकी हुई राशि

 


दमोह, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों के लिए दीपावली पर राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से किश्तों का इंतजार कर रहे हितग्राहियों के बैंक खातों में जल्द ही रुकी हुई राशि पहुंचना प्रारंभ हो जाएगी। मंगलवार को दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबे समय से हितग्राहियों की किश्तें नहीं मिलने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। राशि नहीं मिलने के कारण कई हितग्राहियों के आवास निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ था। इस समस्या के निराकरण के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया गया तथा दूरभाष के माध्यम से संबंधित उच्च अधिकारियों से संपर्क कर पात्र हितग्राहियों की समस्याओं से अवगत कराया गया।

कलेक्टर ने बताया कि लगातार प्रयासों के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रुकी हुई राशि प्राप्त हो गई है। जल्द ही पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि पहुंचना प्रारंभ हो जाएगी। इससे लंबे समय से अधूरे पड़े आवासों का निर्माण पूरा करने में हितग्राहियों को राहत मिलेगी।

प्रधानमंत्री आवास के नाम पर पैसे मांगने वालों पर होगी कार्रवाईकलेक्टर यादव ने कहा कि यह बात सही है कि कुछ लोग हितग्राहियों को बरगलाकर उनसे राशि वसूल लेते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत किसी भी हितग्राही को किसी व्यक्ति को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति आवास की किश्त दिलाने, नाम जुड़वाने अथवा योजना का लाभ दिलाने के नाम पर राशि की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल प्रशासन से की जाए। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर गुमराह करने वाले लोगों से सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की राशि किसी व्यक्ति को न दें।

अधूरे आवासों के निर्माण को मिलेगी गति

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत किश्तें लंबित होने के कारण अनेक पात्र हितग्राहियों के आवास अधूरे पड़े हुए हैं। राशि प्राप्त होने के बाद अब इन आवासों का निर्माण कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद है। दीपावली के अवसर पर पात्र हितग्राहियों के खातों में राशि पहुंचने से गरीब परिवारों को अपने पक्के मकान का सपना पूरा करने में राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव