दमोह:लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, शांति समिति में बोले कलेक्टर

 


दमोह, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में कलेक्टर अनिल राठौर ने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। बैठक उनकी अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में जहां धार्मिक आयोजनों को लेकर चर्चा अपेक्षित थी, वहीं कई बार विषयांतर होकर विकास, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं जैसे मुद्दे उठने से माहौल में असहजता भी देखने को मिली। आगामी प्रमुख पर्वों—हिंदू नववर्ष प्रतिपदा, ईद, चेटीचंद, श्रीराम नवमी, हनुमान जयंती, महावीर जयंती, अंबेडकर जयंती सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों ने उठाए तीखे सवालबैठक में पूर्व नपा अध्यक्ष तेजीराम रोहित ने पूर्व में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्रवाई हुई। वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हेमंत ‘पप्पू’ छाबड़ा ने शांति समिति की भूमिका और प्रभावशीलता पर प्रश्न खड़े किए। संतोषजनक जवाब न मिलने पर वे बैठक से उठकर चले गए।

स्थानीय समस्याएं भी छाईंपटेरा क्षेत्र में पीले पेयजल की आपूर्ति, फुटेरा रेलवे फाटक पर सुरक्षा, आवारा पशुओं की समस्या, शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों की स्थिति जैसे कई मुद्दे जोर-शोर से उठाए गए। दीवान जी की तलैया की बदहाल स्थिति और वहां होने वाले विसर्जन को लेकर भी चिंता जताई गई।

नगरपालिका पर उठे सवालबैठक में सामने आए अधिकांश मुद्दे नगर पालिका से जुड़े होने पर शहर के विकास और स्वच्छता को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल खड़े हुए।

कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देशकलेक्टर अनिल राठौर ने कहा कि प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा और सभी विभाग तय समय-सीमा में समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने साफ-सफाई, सड़कों के दुरुस्तीकरण और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बिजली के लटकते तारों की समस्या पर भी उन्होंने बिजली विभाग को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कई समस्याएं आपस में जुड़ी होती हैं, इसलिए समय रहते उनका समाधान जरूरी है।

सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपीलकलेक्टर ने कहा कि जिले में पूर्व में भी सभी त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं, जो सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लेकर आगामी त्योहारों को लेकर सुझाव दिए और जिलेवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव