दमोहः शहर में चार केन्द्रों पर शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई एमपी पीएससी परीक्षा
दमोह, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह शहर में रविवार को चार परीक्षा केंद्रों पर एमपी पीएससी की राज्य एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
परीक्षा के लिए उत्कृष्ट विद्यालय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, एमएलबी स्कूल तथा जेपीबी विद्यालय को केंद्र बनाया गया था, जहां प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में पंजीकृत 1760 परीक्षार्थियों में से 1373 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 387 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में 1760 में से 1355 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी तथा 405 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने जेपीबी विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर तैनात पुलिस बल, प्रवेश व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं अपर कलेक्टर मीना मसराम ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र प्रभारी अधिकारियों से चर्चा करते हुए परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए परीक्षा प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति को नोडल अधिकारी बनाया गया था। उनके मार्गदर्शन में परीक्षा केंद्रों पर समयबद्ध प्रवेश, पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। प्रशासनिक अधिकारियों की सतत निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव