दमोहः जिले में गैस आपूर्ति सामान्य, “कैश एंड कैरी” योजना से उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
दमोह, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिले में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में गैस आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है। पहले जहां जिले में लगभग 4000 गैस सिलेंडरों का रिजर्व स्टॉक उपलब्ध रहता था, वहीं अब यह बढ़कर 6000 से अधिक हो गया है। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने से फिलहाल किसी प्रकार की गैस किल्लत की स्थिति नहीं है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने बताया कि व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से गैस कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारियों की उपस्थिति में जिले की सभी गैस एजेंसियों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस आपूर्ति, वितरण व्यवस्था, उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो, इस संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जब आपूर्ति सामान्य हो जाती है तो अक्सर लोग लापरवाही बरतने लगते हैं, इसलिए प्रशासन ने पहले से ही सतर्क रहते हुए व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया है।
होम डिलीवरी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोरकलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि सभी गैस कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं के लिए होम डिलीवरी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता स्वयं गैस एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेना पसंद करते हैं, जिससे एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ती है और असंतोष की स्थिति बनती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस बुकिंग के बाद होम डिलीवरी का ही लाभ लें, ताकि वितरण व्यवस्था व्यवस्थित रहे और सभी को समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो सके।
“कैश एंड कैरी” योजना के तहत मिलेगी छूटकलेक्टर ने “कैश एंड कैरी” योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी कारणवश गैस एजेंसी उपभोक्ता के घर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं कर पाती और उपभोक्ता स्वयं एजेंसी से सिलेंडर लेकर जाता है, तो उसे निर्धारित राशि वापस दी जाएगी। यह राशि संबंधित गैस कंपनी के अनुसार लगभग 20 से 30 रुपये तक हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह छूट उपभोक्ताओं का अधिकार है और यदि वे स्वयं सिलेंडर लेकर आते हैं तो उन्हें यह राशि अवश्य मांगनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा जल्द ही विभिन्न गैस कंपनियों के अनुसार मिलने वाली छूट की जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी, ताकि उपभोक्ता भ्रम की स्थिति में न रहें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों।
एजेंसियों को सख्त निर्देश, व्यवस्था पर रहेगी निगरानीकलेक्टर ने कहा कि गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करें और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यदि उपभोक्ता स्वयं सिलेंडर लेने आते हैं तो उन्हें “कैश एंड कैरी” योजना के तहत निर्धारित छूट दी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे घबराएं नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जरूरत के अनुसार सभी को सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से होम डिलीवरी प्रणाली का अधिक से अधिक उपयोग करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव