दमोह: कीटनाशक की दुर्गंध से मासूम की मौत, तीन की हालत गंभीर

 






दमोह, 20 जून (हि.स.) मप्र के दमाेह जिले के हिण्डोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आनु में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें शन‍िवार को जिला अस्पताल दमोह लाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच वर्षीय बालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक धर्मेंद्र पिता माखन प्रजापति (5 वर्ष) निवासी ग्राम आनु, थाना हिण्डोरिया, शुक्रवार रात अपने भाई-बहनों रीना (3 वर्ष), दिनेश (7 वर्ष) और दीपक (9 वर्ष) के साथ घर के एक कमरे में सोया था। परिजनों के अनुसार, जिस कमरे में बच्चे सो रहे थे, उसी कमरे में कीटनाशक दवा से उपचारित गेहूं भी रखा हुआ था। शनिवार सुबह बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि रीना, दिनेश और दीपक का उपचार जारी है।

जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. मधुर चौधरी, डॉ. ललिता, डॉ. राजेश नामदेव और डॉ. सुनील जैन सहित चिकित्सा टीम बच्चों के इलाज में जुटी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों बच्चों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिजनों का कहना है कि गेहूं में डाली गई दवा की तेज दुर्गंध के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी। हालांकि, बच्चों की मौत और तबीयत खराब होने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही हिण्डोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

यह हादसा देता है बड़ा संदेश

विशेषज्ञों के अनुसार, अनाज को सुरक्षित रखने के लिए उपयोग की जाने वाली कीटनाशक दवाओं का इस्तेमाल पूरी सावधानी और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाना चाहिए। दवा युक्त अनाज को रहने या सोने वाले कमरों में रखना गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए। प्रशासन और कृषि विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि कीटनाशक दवाओं का उपयोग करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा उपचारित अनाज को हवादार और अलग स्थान पर रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव