दमोह में 500 से अधिक दवा व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन, ऑनलाइन दवा बिक्री का किया विरोध
दमोह, 20 मई (हि.स.) । ऑनलाइन दवा बिक्री और फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में कथित अनियमितताओं के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को आयोजित देशव्यापी सांकेतिक हड़ताल का मध्य प्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय पर भी व्यापक असर देखने को मिला।
जिला औषधि विक्रेता संघ के नेतृत्व में लगभग 500 से अधिक केमिस्ट और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव एकत्रित हुए। केमिस्टों ने नगर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ नारेबाजी की और संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन दमोह कलेक्टर के माध्यम से डिप्टी कलेक्टर आर.एल. बागरी ने प्राप्त किया।
जिला औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सिंघई ने कहा कि ऑनलाइन माध्यमों से दवाओं की बढ़ती बिक्री छोटे और लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि दवा कोई सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं है और इसके वितरण में निर्धारित नियमों एवं चिकित्सकीय प्रक्रिया का पालन आवश्यक है।
संघ के सचिव अनिल कोटवानी ने कहा कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की ऑनलाइन उपलब्धता तथा होम डिलीवरी जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था लागू करने की मांग की।
एमआर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान स्थानीय केमिस्ट और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बावजूद छोटे दवा व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीर पहल की आवश्यकता है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, बिना चिकित्सकीय पर्चे दवाओं की बिक्री नियंत्रित करने, ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों द्वारा अत्यधिक छूट (डीप डिस्काउंटिंग) की नीति पर रोक लगाने तथा छोटे लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों के हितों की सुरक्षा की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान जिला औषधि विक्रेता संघ, एमआर एसोसिएशन के पदाधिकारी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव और बड़ी संख्या में दवा व्यापारी मौजूद रहे। जिला औषधि विक्रेता संघ के अनुसार हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण रही तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए आवश्यक और आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव