दमोह: तिदौनी के पास खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार, छह लोग घायल
दमोह 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत तिदौनी गांव के समीप रविवार रात्रि लगभग 9 बजे एत तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी अमित गौतम पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं 112 डायल के पायलट मोहम्मद हादी, आरक्षक भोले तथा दूसरी 112 टीम के आरक्षक सुमित चौबे ने तत्काल राहत कार्य प्रारंभ करते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक एमपी 20 सीएल 0898 में सवार सभी लोग जबलपुर से पथरिया मलखान क्षेत्र में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने जा रहे थे। बताया जाता है कि वाहन में बैठे लोग डांस पार्टी से जुड़े हुए थे। तिदौनी के समीप पहुंचते ही चालक को सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली का देर से आभास हुआ और कार अनियंत्रित होकर सीधे पीछे से ट्रॉली में जा भिड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार रात्रि के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की दृश्यता कम थी। वाहन पर पर्याप्त चेतावनी संकेत या पीछे स्पष्ट रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण चालक को दूरी का सही अनुमान नहीं लग सका।
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल होने वालों में कार चालक अभिषेक (27) पुत्र स्वर्गीय मल्लू निवासी जबलपुर, राजू काछी पटेल पुत्र कोमल प्रसाद निवासी जबलपुर, अंकित पुत्र सुशील उपाध्याय निवासी नागपुर, खुशी निवासी रामटेक महाराष्ट्र, रोशनी पुत्री दीपक मराठा निवासी नागपुर तथा सीमा पुत्री संतराम अहिरवार निवासी नागपुर शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आशुतोष पटेल, डॉक्टर मनीष संगतानी एवं डॉक्टर ईश्वर राजपूत ने उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी को अलग-अलग स्थानों पर चोटें आई हैं और कुछ घायलों को निगरानी में रखा गया है।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, पुलिस ने शुरू की जांचदुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का परीक्षण प्रारंभ किया है। देहात थाना पुलिस यह जांच कर रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली नियमानुसार खड़ी थी या नहीं तथा उसमें रात्रिकालीन सुरक्षा संकेत मौजूद थे अथवा नहीं। पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव