चक्रवात अर्नब से बदला मध्य प्रदेश का मौसम, 2 नवंबर तक रहेगा असर, आज 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 


- बारिश और ठंडी हवाओं से दिन के तापमान में गिरावट

भोपाल, 30 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से आंधी और बारिश का दौर जारी है। अगले चार दिन यानी 2 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को ग्वालियर-जबलपुर समेत 33 जिलों में तेज आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते गुरुवार को दिन के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। इस बीच पचमढ़ी 15.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजगढ़, विदिशा, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, हरदा, शाजापुर, देवास, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में धूप निकलने के आसार हैं।

मंडी में भीगा मक्का, धान की फसल पर भी खतरा

बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पांढुर्णा की मंडी में गुरुवार को खुले में रखे मक्के के ढेर भीग गए। इससे हजारों क्विंटल मक्का खराब होने की आशंका है। छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में बारिश से धान के दानों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। रायसेन के दशहरा मैदान में करीब 200 ट्रॉलियों में धान लेकर पहुंचे किसानों को भी बारिश से अपनी उपज बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। गुरुवार को भोपाल, सागर, सिंगरौली, पांढुर्णा, मैहर, दमोह, सीहोर और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। हालांकि, इस बारिश से तुअर, कपास और संतरे की फसलों को राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।

पचमढ़ी में 15.2 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

आंधी और बारिश के कारण गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय ठंडक महसूस हुई। अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। रात के तापमान में भी कई स्थानों पर ठंड का असर दिखाई दिया। बीती रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नौगांव में 15.6, अमरकंटक में 16.1, खरगोन और दमोह में 17 तथा धार में 17.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

मानसून की विदाई के बाद फिर सक्रिय हुआ मौसमी सिस्टम

मध्य प्रदेश से 3 अक्टूबर को ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके बावजूद नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। चक्रवात अर्नब के असर से अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत