अनूपपुर: 3 दिन से जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन बंद, बिना जांच कराए लौट रहे मरीज
अनूपपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला चिकित्सालय में पिछले 3 दिनों से सीटी स्कैन जांच सुविधा बंद है। मशीन के सीपीयू में तकनीकी खराबी आने के कारण मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। इससे सड़क हादसों में घायल मरीजों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को परेशानी हो रही है। चिकित्सालय पहुंच रहे मरीजों को फिलहाल जांच कराए बिना लौटना पड़ रहा है।
ज्ञात हो कि गुरुवार शाम सड़क हादसे में घायल होकर जिला चिकित्सालय पहुंची सकरिया निवासी छात्रा सुचिता पटेल के सिर में चोट लगी थी। उनकी जांच के लिए सीटी स्कैन की जरूरत थी, लेकिन शुक्रवार की सुबह तक मशीन बंद होने के कारण जांच नहीं हो सकी। परिजन अब बाहर से सीटी स्कैन कराकर रिपोर्ट डॉक्टर को दिखाएंगे।
सेंटर के कर्मचारियों के अनुसार, खराबी आने के बाद कंपनी को पत्र और फोन के जरिए सूचना दी गई थी। हालांकि, शुरुआत में कंपनी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कर्मचारियों ने मरीजों को दीपावली के बाद मशीन सुधरने की जानकारी दी थी।
जिला चिकित्सालय में दिसंबर 2021 से सीटी स्कैन सेंटर का संचालन शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य मरीजों को रियायती दरों पर और बीपीएल कार्डधारकों को निशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराना था। रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में रोजाना औसतन 25 से 30 मरीज जांच के लिए पहुंचते हैं।
अक्टूबर में कलेक्टर द्वारा चिकित्सकों को अनावश्यक सीटी स्कैन जांच नहीं लिखने के निर्देश देने से पहले यह संख्या रोजाना 40 से 45 मरीज तक थी। सेंटर शुरू होने से पहले मरीजों को सीटी स्कैन के लिए शहडोल जाना पड़ता था, जहां निजी अस्पतालों में जांच पर 3,000 से 5,000 रुपए तक खर्च होने की बात बताई गई है।
पुणे से मंगवाए मशीन के पार्ट्स
सिविल सर्जन डॉ. एसआर परस्ते ने शुक्रवार काे बताया कि सीटी स्कैन सेंटर के कर्मचारियों से चर्चा हुई है। कंपनी ने जानकारी दी है कि सीपीयू में आई खराबी से जुड़े पार्ट्स भोपाल में उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उन्हें पुणे से मंगवाया गया है। मशीन सुधारने के लिए भोपाल से इंजीनियर भी रवाना किया गया है। कंपनी ने शनिवार तक मशीन ठीक होने की संभावना जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला