गंगा दशहरा पर नर्मदापुरम में उमड़ी भीड़, श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में लगाई आस्था की डुबकी
नर्मदापुरम, 26 मई (हि.स.) । गंगा दशहरा के पावन पर्व पर मंगलवार को मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई। सूर्योदय से पहले सुबह 5 बजे से ही प्रसिद्ध सेठानी घाट, कोरी घाट, गोंदरी घाट और विवेकानंद घाट सहित सभी प्रमुख तटों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
पवित्र स्नान के बाद श्रद्धालु तटों पर बैठकर विधि-विधान से पूजन-पाठ कर रहे हैं और पर्व के महत्व के अनुसार दान-पुण्य में जुटे हैं। आज शाम 7:30 बजे सेठानी घाट पर बनारस (वाराणसी) की तर्ज पर 251 दीपों से मां नर्मदा की भव्य एवं अलौकिक महाआरती की जाएगी। महाआरती के संयोजक प्रशांत मुन्नू दुबे ने बताया कि सेठानी घाट पर इस भव्य आरती की शुरुआत साल 2010 में गंगा दशहरा के दिन ही की गई थी। आज इस विशेष परंपरा को सफ़लतम 16 साल पूरे हो रहे हैं। इस 16वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज शाम को महाआरती का आयोजन बेहद विशेष, आकर्षक और भव्य तरीके से संपन्न होगा।
नर्मदा स्नान से मिलता है गंगा स्नान का पुण्य
उल्लेखनीय है कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसी मान्यता है कि आज ही के दिन भगीरथ के कठिन तप से प्रसन्न होकर मां गंगा पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। पौराणिक शास्त्रों के अनुसार, गंगा दशहरा के दिन मां गंगा अपनी बहन नर्मदा से मिलने स्वयं यहां आती हैं। यही कारण है कि आज के दिन मां नर्मदा के पावन जल में स्नान करने से श्रद्धालुओं को मां गंगा में डुबकी लगाने के समान ही अक्षय पुण्यफल की प्राप्ति होती है।
घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गंगा दशहरा पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन बेहद मुस्तैद है। सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सेठानी घाट, कोरी घाट, परमहंस घाट और विवेकानंद घाट सहित जिले के तमाम संवेदनशील और प्रमुख घाटों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति या गहरे पानी में हादसे को रोकने के लिए होमगार्ड के जवान और कुशल गोताखोर (डाइवर्स) नावों के साथ लगातार लाइफ जैकेट्स पहनकर घाटों पर पेट्रोलिंग और निगरानी कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत