राजगढ़ः थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से युवक गंभीर घायल, भोपाल रेफर

 


राजगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ शहर के ब्यावरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढकोरा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में गेहूं निकालने के दौरान थ्रेसर मशीन के पट्टे की चपेट में आने से 36 वर्षीय मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम ढकोरा निवासी ज्ञानसिंह पुत्र बीरमलाल गांव के मोहन दांगी के खेत में मजदूरी करने गया था। काम के दौरान अचानक उसका बायां हाथ थ्रेसर मशीन के पट्टे में फंस गया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने ऐसे हादसों से बचाव के लिए खेतों में चलने वाली मशीनों के संचालन में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत बताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक