राजगढ़ः फसल काटने की बात को लेकर डंडों से मारपीट, तीन गंभीर घायल

 


राजगढ़, 5 मार्च (हि.स.)। मध्‍यप्रदेश के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमपुरा में गुरुवार दोपहर खेत में गेहूं की फसल काटने की बात को लेकर पति-पत्नी सहित तीन लोगों ने गालियां देते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरु कर दी, जिसमें परिवार के तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार ग्राम प्रेमपुरा निवासी 33 वर्षीय मांगीलाल पुत्र नारायणसिंह तंवर ने बताया कि गिरवीं रखे खेत से गेहूं की फसल काटने की बात को लेकर हुए विवाद पर गुलाबसिंह पुत्र हेमराज तंवर, हेमराज पुत्र गौरीलाल तंवर और रेशमबाई पत्नी हेमराज तंवर गालियां देने लगे, विरोध करने पर उन्होंने लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। मारपीट में मांगीलाल, दिनेश और मुकेश को गंभीर चोटें लगी, जिनका जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपित गुलाबसिंह, हेमराजसिंह और रेशमबाई तंवर के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक