जबलपुरः रामसागर तालाब में नहाते समय दो युवक डूबे, देर रात तक नहीं मिले शव
जबलपुर, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा तहसील अंतर्गत गोसलपुर स्थित रामसागर तालाब में सोमवार दोपहर सुपर मार्केट के पीछे बने घाट पर नहाने पहुंचे दो युवक तालाब के गहरे पानी में डूब गए। जिनकी तलाश की गई, परन्तु देर रात तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार ग्राम धमधा झुग्गी बस्ती निवासी इरावत, अर्जुन और करण सोमवार दोपहर करीब 2 बजे रामसागर तालाब में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान इरावत अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अर्जुन भी पानी में उतरा, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया। देखते ही देखते दोनों युवक पानी में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। बचाव दल द्वारा तलाश शुरू की गई, लेकिन रात होने और अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू कार्य प्रभावित हुआ। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों के शव बरामद नहीं हो सके थे। पुलिस और प्रशासन द्वारा मंगलवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किए जाने की बात कही गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक