हरदा: आश्रम से चुराकर रेलवे ट्रैक पर बांधी गईं 5 गायें, ट्रेन से कटकर मौत

 




आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग काे लेकर प्रदर्शन

हरदा, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में पशु क्रूरता की एक बेहद संवेदनशील घटना सामने आई है। टिमरनी थाना क्षेत्र के गंजालेश्वर आश्रम से पांच गोवंशीय पशुओं को चोरी कर अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रेलवे ट्रैक पर बांध दिया। शनिवार देर रात हुई इस घटना में ट्रेन की चपेट में आने से सभी गायों की मौके पर ही मौत हो गई।

रविवार सुबह छिदगांव मेल के पास रेलवे ट्रैक किनारे गायों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पशुओं को रस्सियों से ट्रैक पर बांधा गया था, जिससे वे खुद को छुड़ा नहीं सके और हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर टिमरनी थाना टीआई मुकेश गौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इधर, इस घटना के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। गाय काटने के मामले को लेकर उन्हाेंने गांधीनगर थाने का घेराव किया और थाना अधिकारी को ज्ञापन दिया। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे