कोविड योद्धाओं का भोपाल में प्रदर्शन, नीलम पार्क में जुटे प्रदेशभर के आयुष चिकित्सक, अब जिलों में भी आंदोलन की तैयारी

 


भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। कोरोना महामारी के दौरान मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले कोविड योद्धाओं ने नौकरी पर दोबारा रखने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को प्रदेशभर से आए सैकड़ों आयुष चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने अब जिला स्तर पर भी आंदोलन का विस्तार करने की घोषणा की है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वे 5 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला, अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कोविड काल में सेवाएं देने वाले अस्थायी कर्मचारियों की बहाली और उनके रोजगार की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाने की मांग रखी। संघ का कहना है कि सरकार की ओर से मांगों पर विचार करने और प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन अब तक बहाली को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

सीएमएचओ कार्यालयों पर करेंगे प्रदर्शन

संघ के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने 11 नवंबर को सभी जिलों के सीएमएचओ को पत्र जारी कर तीन दिन के भीतर कोविड कर्मचारियों से संबंधित जानकारी मांगी थी। इसके बावजूद कई जिलों से अब तक जानकारी भोपाल नहीं भेजी गई है। इसे लेकर अब आंदोलनकारी जिला स्तर पर सीएमएचओ कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे। उनकी मांग है कि कर्मचारियों से संबंधित लंबित जानकारी तत्काल भोपाल भेजी जाए, ताकि बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

बच्चों के साथ धरने में शामिल हो रहीं महिलाएं

प्रदेश संयोजक डॉ. अंकित असाटी ने बताया कि आंदोलन में महिलाएं भी छोटे बच्चों के साथ शामिल हो रही हैं। आंदोलनकारियों ने नीलम पार्क में ही सामूहिक रूप से भोजन तैयार करने और एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया है। आंदोलन के दौरान कोविड योद्धाओं ने 31 यूनिट रक्तदान भी किया।

डॉ. असाटी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान करीब दो साल तक सेवाएं देने के बाद हजारों कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया। इसके बाद से उनके सामने रोजगार और परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि महामारी के मुश्किल दौर में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को ठोस नीति बनानी चाहिए। संघ ने स्पष्ट किया है कि बहाली और रोजगार सुरक्षा को लेकर लिखित आश्वासन मिलने तथा ठोस नीति बनाए जाने तक नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे