105 दिनों से चल रहे पार्षदों के जनहित सत्याग्रह के बीच पहुंचे सांसद

 


सबलगढ़, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के नगर पालिका परिषद सबलगढ़ में जनहित के मुद्दों को लेकर पिछले 105 दिनों से चल रहे जनहित सत्याग्रह के बीच शुक्रवार का दिन पार्षदों के लिए खास रहा। सुबह सांसद शिवमंगल सिंह तोमर सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे और पार्षदों की बात सुनी, तो रात में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पार्षद दल के साथ बैठक कर सभी के मुद्दे सुने। दिनभर चले संवाद के बाद पार्षदों ने भाजपा नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन और विश्वास जताया।

सुबह सत्याग्रह स्थल पहुंचे सांसद

सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने सुबह नगर पालिका पहुंचकर 105 दिनों से चल रहे जनहित सत्याग्रह में शामिल पार्षदों से मुलाकात की। उन्होंने सभी पार्षदों से बारी-बारी से चर्चा कर नगर पालिका की स्थिति, वार्डों में विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।

पार्षदों ने कहा कि अध्यक्ष सोनेराम धाकड़ द्वारा नगर पालिका परिषद में जमकर भ्रष्टाचार किया गया कभी कार्यालय नहीं आए पार्षदों से संवाद नहीं करते इसलिए उनका दिसंबर में अविश्वास किया गया नगर के विकास और जनता की समस्याओं को लेकर वे लंबे समय से अपनी आवाज उठा रहे हैं। इसी को लेकर 105 दिनों से लगातार सत्याग्रह किया जा रहा है। पार्षदों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली से जुड़े अपने विषय भी सांसद के सामने रखे। सांसद ने सभी की बात सुनते हुए समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।

रात में विधानसभा अध्यक्ष के साथ अहम बैठक

सुबह सांसद से संवाद के बाद रात में नगर के कलंगी रिसॉर्ट में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के साथ पार्षद दल की अहम बैठक हुई। बैठक में सभी पार्षदों ने बारी-बारी से अपने-अपने वार्ड और नगर से जुड़े विषय विधानसभा अध्यक्ष के सामने रखे। अध्यक्ष को हटाए जाने की माँग हुई पार्षदों ने विकास कार्यों में आ रही बाधाओं, नगर पालिका की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। पार्षदों का कहना था कि उनका उद्देश्य नगर के विकास और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

5 कांग्रेस 5 निर्दलीय पार्षद ने भाजपा नेतृत्व के प्रति जताया विश्वास

बैठक के दौरान पार्षदों ने भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन और विश्वास व्यक्त किया। इसके बाद सांसद शिवमंगल सिंह तोमर एवं भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह द्वारा सभी पार्षदों को भाजपा की पट्टिका पहनाई गई।

इस दौरान पार्षदों ने संगठन के नेतृत्व में जनहित और नगर विकास के मुद्दों पर आगे मिलकर कार्य करने का विश्वास जताया। 105 दिनों से चल रहे सत्याग्रह के बाद एक ही दिन में सांसद और विधानसभा अध्यक्ष के साथ हुए संवाद को पार्षदों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता रहे मौजूद

बैठक में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह, पूर्व जिला अध्यक्ष योगेश पाल गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता बनवारी शुक्ला, अजब सिंह सिकरवार तथा नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष बसंत बंसल सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

अब समाधान की उम्मीद

105 दिनों के लंबे जनहित सत्याग्रह के बाद शुक्रवार को हुए इन दोनों संवादों ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दिया है। सुबह सांसद द्वारा सत्याग्रह स्थल पर पहुंचकर पार्षदों की बात सुनना और रात में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सभी पार्षदों के साथ बैठक कर उनके मुद्दों को सुनना इस पूरे घटनाक्रम का अहम पहलू रहा।

अब पार्षदों को उम्मीद है कि वरिष्ठ नेतृत्व के हस्तक्षेप से नगर पालिका से जुड़े जनहित, पारदर्शिता और विकास के मुद्दों पर ठोस पहल होगी और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा