लीज नवीनीकरण और किराया जमा नहीं कराने पर निगम सख्त, 18 दुकानों-परिसरों में तालाबंदी

 


भोपाल, 08 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम भोपाल ने राजस्व वसूली को लेकर सख्ती बढ़ाते हुए लीज नवीनीकरण नहीं कराने और लीजरेंट अथवा किराये की राशि जमा नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की। शनिवार को निगम के राजस्व अमले ने शहर के विभिन्न बाजारों में 18 दुकानों एवं परिसरों पर तालाबंदी की कार्रवाई की।

नगर निगम द्वारा संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार, लीजरेंट सहित राजस्व की विभिन्न मदों में बकाया राशि की वसूली की जा रही है। इसी क्रम में कोल एंड टिम्बर मार्केट, तिलक मार्केट, राजाजी का कुआं, पटेल नगर, एबी मार्केट, जुमेराती, आजाद मार्केट, कबाड़खाना, मंगलवारा और इतवारा सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर जोनल अधिकारियों और राजस्व अमले ने बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की। जोन क्रमांक 17 के वार्ड क्रमांक 76 स्थित कोल एंड टिम्बर मार्केट छोला के भूखंड क्रमांक 147 के लीजधारक किशोर मलिक द्वारा लीज नवीनीकरण नहीं कराने और बकाया राशि जमा नहीं करने पर परिसर में तालाबंदी की गई।

इसी तरह जोन क्रमांक 05 के वार्ड क्रमांक 23 में तिलक मार्केट की दुकान क्रमांक 07 के रशीद अहमद, दुकान क्रमांक 08 के लईका रफीक और दुकान क्रमांक 25 के कमर अजीज के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। एबी मार्केट की दुकान क्रमांक 78-बी के जगन्नाथ तथा दुकान क्रमांक 61-ए के हमीद खान के प्रतिष्ठानों में भी तालाबंदी की गई।

वार्ड क्रमांक 19 के राजाजी का कुआं क्षेत्र में राम ट्रेडर्स दुकान क्रमांक 12 और मोहम्मद शफीक की दुकान क्रमांक 15 पर भी निगम अमले ने तालाबंदी की कार्रवाई की।

लीजरेंट और किराया नहीं देने वालों पर भी कार्रवाई

जोन क्रमांक 04 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 17 के न्यू कबाड़खाना में शाकिर, वार्ड क्रमांक 20 के इतवारा में राजेन्द्र सिंह, मंगलवारा में शेख महमूद और शेख सोहेल, आजाद मार्केट में प्रकाश चंद्र, गौरी शंकर और प्रभुदयाल तथा जुमेराती में अशरफ अली, अब्दुल मजीद और अब्दुल अहद के परिसरों में लीजरेंट अथवा किराये की राशि जमा नहीं करने पर तालाबंदी की गई।

बकाया जमा करने पर तीन परिसरों की कार्रवाई टली

कार्रवाई के दौरान वार्ड क्रमांक 19 के राजाजी का कुआं स्थित दुकान क्रमांक 18 के सैयद रिजवान अली, दुकान क्रमांक 19 के लियाकत अली और पटेल नगर की दुकान क्रमांक सी-3 के मोहम्मद राजा खां द्वारा बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया। इसके बाद निगम अमले ने इन तीनों परिसरों में तालाबंदी की कार्रवाई स्थगित कर दी।

यह कार्रवाई जोन क्रमांक 17 के जोनल अधिकारी सुरेन्द्र सिंह राजपूत, जोन क्रमांक 05 के जोनल अधिकारी मुकेश केमिया और जोन क्रमांक 04 के जोनल अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह सेंगर ने संबंधित वार्ड प्रभारियों और राजस्व अमले के साथ की।

निगम प्रशासन ने सभी लीजधारकों और किरायेदारों से अपील की है कि वे संबंधित जोन अथवा वार्ड कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर नियमानुसार लीज का नवीनीकरण कराएं और बकाया राशि का भुगतान करें। निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा