चेतक ब्रिज के पास निगम की कार्रवाई, 14 अवैध झुग्गियां हटाईं
भोपाल, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में ठेले, पान पार्लर, गुमठियां और सड़क पर रखा सामान हटाया। वहीं जिला प्रशासन के सहयोग से चेतक ब्रिज स्थित गौतम नगर क्षेत्र में अवैध रूप से बनी 14 झुग्गियों को भी हटाया गया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए निगम अमले ने कोलार डीमार्ट, मैनिट चौराहा, नेहरू नगर, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, भदभदा चौराहा, सूरज नगर चौराहा, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, न्यू मार्केट थाना क्षेत्र, कमला पार्क, एमएलबी कॉलेज, रविंद्र भवन, पॉलीटेक्निक, 7 नंबर स्टॉप, शाहपुरा, एमपी नगर जोन-1, बावड़िया कला, अशोका गार्डन, भोपाल गेट, हमीदिया रोड, प्लेटफॉर्म नंबर-6 और टीला जमालपुरा सहित कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया गया तथा आवागमन में बाधा बन रहे वाहनों को भी हटाया गया। निगम दस्ते ने अशोका गार्डन से प्रभात चौराहा तक सर्विस रोड पर खड़े दो लोडिंग ऑटो हटवाए। साथ ही 16 ठेले, तीन पान पार्लर और 15 कैरेड जब्त किए गए।
इसके अलावा जिला प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेतक ब्रिज के समीप गौतम नगर क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित 14 झुग्गियों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा