भोपाल में पीएचई दफ्तर के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ ठेकेदारों का धरना, जून से अटके बिलों के भुगतान की मांग
भोपाल, 16 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के जल भवन स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय के बाहर बुधवार को एकल नल-जल योजना से जुड़े ठेकेदारों ने ढोल-नगाड़ों के साथ धरना दिया। ठेकेदारों का कहना है कि जून 2026 से उनके कई बिल लंबित हैं और भुगतान नहीं होने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने लंबित बिलों का जल्द भुगतान करने की मांग की।
ठेकेदारों का आरोप है कि भुगतान में देरी की जानकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और वित्त विभाग के स्तर तक पहुंचने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन के बाद विभाग की ओर से लंबित बिल प्रस्तुत करने और उपलब्ध बजट के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई है। एकल नल-जल योजना के ठेकेदारों का कहना है कि जून 2026 में लगाए गए कई बिल अब तक लंबित हैं। भुगतान नहीं होने के कारण ठेकेदारों ने बुधवार को जल भवन के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग से लंबित भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग की।
एमडी बोले- बजट उपलब्ध, बिल लगाए जाएं
पीएचई में पदस्थ जल निगम के एमडी वीएस चौधरी कोलसानी ने कहा कि बुधवार का प्रदर्शन वित्तीय भुगतान से संबंधित है। एकल नल-जल योजना के ठेकेदार अपने कार्यों का भुगतान चाहते हैं। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बजट उपलब्ध है और जिन ठेकेदारों के बिल लंबित हैं, वे बिल लगाए जाएं, ताकि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। एमडी ने अधिकारियों के बीच फाइलों के मूवमेंट को लेकर मतभेद होने की बात भी स्वीकार की। उनका कहना है कि लंबित भुगतान के मामलों को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों से प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे