सीहोर में बाढ़ पीड़ितों के हक में कांग्रेस की पदयात्रा, मुआवजा और विशेष राहत पैकेज की मांग
सीहोर, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की सीहोरविधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और राहत दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार काे विशाल पदयात्रा निकाली। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बाढ़ प्रभावित ग्रामीण भी शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग उठाई।
पदयात्रा अहमदपुर से शुरू होकर वानखेड़ा और चरनाल होते हुए श्यामपुर पहुंची। मार्ग में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बाढ़ से हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जल्द मरम्मत कराने की मांग रखी।
उचित मुआवजा और विशेष राहत पैकेज की मांग
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को अब तक उनकी क्षति के अनुरूप उचित मुआवजा और राहत नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों के अधिकार के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक प्रभावित परिवार के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की। साथ ही नुकसान का निष्पक्ष, पारदर्शी और वास्तविक सर्वे कराकर प्रभावितों को पूरा मुआवजा देने की मांग भी की गई। ज्ञापन में बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियाओं और बिजली व्यवस्था की तत्काल मरम्मत कराने पर जोर दिया गया। प्रभावित परिवारों को तत्काल खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सहायता सामग्री उपलब्ध कराने की मांग भी कांग्रेस ने प्रशासन के सामने रखी।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अहमदपुर, देवीपुरा, श्यामपुर, दोराहा और सीहोर के आयोजकों ने चेतावनी दी कि जब तक बाढ़ प्रभावित परिवारों को उनका अधिकार और उचित राहत नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। पदयात्रा में जिलेभर के कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित ग्रामीण शामिल हुए। कांग्रेस ने प्रशासन से बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने और राहत कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे