किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का 9 अप्रैल को प्रदेशव्यापी आंदोलन, सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर कार्यालयों का घेराव

 


भोपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में किसानों को मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने बड़े आंदोलन की घाेषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर आगामी 9 अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने साेमवार काे भाेपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने किसानों को बिचौलियों के भरोसे छोड़ दिया है और उनके साथ “क्रूर विश्वासघात” किया है।

कांग्रेस का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान गेहूं खरीदी के लिए 2700 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया गया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार ने केवल 40 रुपये बोनस देकर किसानों को निराश किया। पड़ोसी राज्य राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा गया कि वहां किसानों को अधिक बोनस मिल रहा है, जबकि मध्य प्रदेश के किसान अपने हक के लिए भटक रहे हैं।

खरीदी में देरी पर सवाल

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर खरीदी की तारीखें तीन बार आगे बढ़ाईं, जिससे किसान मजबूर होकर अपनी फसल कम दामों पर बेच रहे हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में 10 अप्रैल तथा अन्य संभागों में 15 अप्रैल से खरीदी शुरू करने के फैसले पर भी सवाल उठाए गए।

बारदाने की कमी पर सरकार काे घेरा

सरकार द्वारा जूट बैग (बारदाने) की कमी के लिए अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराने पर भी कांग्रेस ने निशाना साधा। कांग्रेस का कहना है कि जरूरत 10 करोड़ बारदानों की थी, लेकिन सरकार ने समय पर केवल 2.60 करोड़ के लिए ही आवेदन किया, जो प्रशासनिक विफलता दर्शाता है।

ओलावृष्टि से तबाही, मुआवजे की मांग

1 अप्रैल को हुई ओलावृष्टि से सीहोर, विदिशा समेत 17 जिलों में फसलें बर्बाद होने का दावा किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंडियों में रखा हजारों क्विंटल गेहूं भीग गया, लेकिन किसानों को अब तक पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को 50,000 रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा

गेहूं की खरीदी तुरंत शुरू कर 2700 रुपये प्रति क्विंटल का वादा पूरा किया जाए

खरीदी में देरी से डिफॉल्टर हुए किसानों का दंडात्मक ब्याज माफ किया जाए

आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द खरीदी शुरू नहीं हुई और बारदाने की व्यवस्था नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। साथ ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित निवास के सामने उपवास करने की भी चेतावनी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे