अनूपपुर: राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस सेवादल का सद्भावना मार्च, हुई सर्वधर्म प्रार्थना सभा

 




अनूपपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को जिला कांग्रेस सेवादल द्वारा सद्भावना मार्च निकाला गया। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री को याद कर उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

जिला कांग्रेस कार्यालय 'राजीव भवन' में जिलाध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद सर्वधर्म प्रार्थना सभा और विचार गोष्ठी हुई, जिसमें मौलवी मो. रहबर हाफिज और पंडित सूरज देव चौबे का सम्मान किया गया।

जिला सेवादल अध्यक्ष डॉ. अहसान अली अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य मार्गों से सद्भावना पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाले नारे लगाए।

जिलाध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर क्रांति की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह सहित आशीष त्रिपाठी, शिव कुमार केशरवानी, वासुदेव चटर्जी, सतेन्द्र स्वरूप दुबे और एनएसयूआई पूर्व जिलाध्यक्ष रफी अहमद सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला