संविधान रक्षा मार्च निकाल कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता, भाजपा सरकारों पर साधा निशाना
जबलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस ने जबलपुर में गुरुवार को संविधान रक्षा मार्च निकालकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों के खिलाफ मोर्चा खोला। गोल बाजार से शुरू हुआ यह मार्च सुपर मार्केट, अंधेरदेव, टाउन हॉल, तुलाराम चौक और मालवीय चौक से होते हुए वापस गोल बाजार पहुंचकर समाप्त हुआ। मार्च के जरिए कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
इस आयोजन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। संगठनों ने युवाओं और जेन-जी को संविधान रक्षा के अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में सुनियोजित तरीके से कथित वोट चोरी का तंत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे चुनावी निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पटवारी ने जबलपुर को क्रांति की जन्मस्थली और संविधान पीठ का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर अनिश्चितता पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 20 नवंबर के बाद संसद का सत्र शुरू हो जाना चाहिए था। सत्र की तारीखों को लेकर बनी अनिश्चितता सांसदों का अपमान है।
वर्ष 1975 के आपातकाल से जुड़े सवाल पर तन्खा ने स्पष्ट किया कि वे आपातकाल के समर्थक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके पिता उन दो न्यायाधीशों में शामिल थे, जिन्होंने आपातकाल के खिलाफ पहला ऐतिहासिक फैसला सुनाया था।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा नेताओं को डॉ. भीमराव अंबेडकर की किताबें पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने महिला आरक्षण के तहत 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने में हो रही देरी और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने बताया कि दिल्ली के रामलीला मैदान से शुरू हुए संविधान रक्षा अभियान के तहत पहले भोपाल और फिर जबलपुर को कार्यक्रम के लिए चुना गया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री आखिर क्या बचाना चाहते हैं? उन्होंने तंज कसते हुए यह भी पूछा कि कहीं इस यात्रा का उद्देश्य जबलपुर में जमीन से जुड़े किसी मामले को बचाना तो नहीं है।
मार्च के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने आरक्षण, महिला अधिकारों, मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक