भोपाल में भाजपा नेता की मौत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

 


भोपाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के एमपी नगर स्थित डीबी मॉल के सामने बिजली के पोल में करंट आने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री एवं अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी की मौत के मामले में गुरुवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर घटना की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

संजीव सक्सेना ने आरोप लगाया कि दिव्यऋषि तिवारी की मौत महज हादसा नहीं, बल्कि संबंधित व्यवस्थाओं में लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने शहर में खुले विद्युत तार, बिजली के खंभों की स्थिति, मेट्रो निर्माण के कारण प्रभावित सड़कों और स्मार्ट सिटी से जुड़े कार्यों को लेकर सवाल उठाए।

जांच समिति की रिपोर्ट के बाद तय होगी जिम्मेदारी

दिव्यऋषि तिवारी की मौत के बाद जिला प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को हादसे के कारणों और संबंधित परिस्थितियों की जांच कर पांच दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जांच को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। घटना स्थल पर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अर्थिंग और इंसुलेशन सहित तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जाए। उनका कहना है कि जांच में यदि किसी अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

निगम, बिजली कंपनी और मेट्रो की भूमिका की जांच की मांग

प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम, विद्युत विभाग, स्मार्ट सिटी और मेट्रो से जुड़े विभागों की भूमिका की भी जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदारी तय होने के बाद संबंधित पक्ष के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण और मेट्रो कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रदर्शन में जिला महामंत्री अभिषेक शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़, दीपू तोमर, सुशील प्रजापति, अजय श्रीवास्तव, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष प्रणव सक्सेना सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे