बरगी क्रूज हादसे पर बीना में विरोध तेज, युवा कांग्रेस ने पर्यटन मंत्री से की इस्तीफे की मांग
सागर, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे को लेकर विरोध की आवाजें तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में सागर जिले के बीना में बुधवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया।
युवा कांग्रेस के बैनर तले कार्यकर्ता शहर के सर्वोदय चौराहा पर एकत्र हुए, जहां उन्होंने हादसे को लेकर सरकार और पर्यटन विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों ने कहा कि यह घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी का नतीजा है। उनका आरोप था कि क्षमता से अधिक पर्यटकों को क्रूज में बैठाना और सुरक्षा इंतजामों में कमी सीधे तौर पर लोगों की जान जोखिम में डालना है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें। साथ ही क्रूज संचालक और संबंधित अधिकारियों पर गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए। इसके अलावा प्रदेश के सभी जल-पर्यटन केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक ऑडिट कराने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान उस समय हल्का तनाव देखने को मिला, जब पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पुतला दहन से रोकने का प्रयास किया, हालांकि, कार्यकर्ता पुतला जलाने में सफल रहे। इस दौरान कुछ समय के लिए चौराहे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन से स्पष्ट है कि बरगी क्रूज हादसे को लेकर विपक्ष में गहरा आक्रोश बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे