कांग्रेस की राजनीति और आंदोलनों को लेकर जनता के बीच जाएंगे भाजपा कार्यकर्ता: प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने अनूपपुर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला बैठक को किया संबोधित
अनूपपुर/भोपाल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शुक्रवार को अनूपपुर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति, आंदोलनों और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और उसकी राजनीति को जनता के सामने रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया और भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने भी संबोधित किया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, जनजागरण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस चुनावी पराजय के बाद ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र बचाने के नाम पर संस्थाओं पर सवाल खड़े करना और आंदोलनों के जरिए देश का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन मुद्दों पर जनता के बीच जाकर संवाद करेंगे और पार्टी का पक्ष रखेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से नक्सलवाद, माओवाद, आतंकवाद और घुसपैठ के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष इन मुद्दों पर भी सवाल उठाता रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इन विषयों पर तथ्यात्मक जानकारी के साथ जनता के बीच अपनी बात रखें।
राष्ट्रहित और जनकल्याण पर जोर
चंद्रशेखर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का देश की एकता और अखंडता की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ हासिल करना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, जनसेवा और समाज के कल्याण के लिए काम करना है।
उन्होंने डिजिटल तकनीक के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा, स्वदेशी हथियारों एवं संसाधनों को प्रोत्साहन, गरीब कल्याण योजनाओं और भारतीय संस्कृति के संरक्षण जैसे विषयों का उल्लेख किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा के अनुरूप जनसेवा और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान में जिले के प्रदर्शन की सराहना
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। चंद्रशेखर ने बताया कि एक माह तक चले इस अभियान में अनूपपुर जिले ने प्रदेश स्तर पर 14वां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने अभियान में कार्यकर्ताओं की सहभागिता और संगठनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, जिला प्रभारी संजय साहू, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, विधायक एवं पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, बृजेश गौतम, रामदास पुरी और राधाराम वैश्य सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे