कांग्रेस संगठन को बूथ से विधानसभा स्तर तक मजबूत करने की कवायद, प्रभारियों के कामकाज की होगी समीक्षा
भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में शनिवार काे विधानसभा प्रभारियों की कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की गई। इसमें ग्राम पंचायत, मंडल और ब्लॉक स्तर पर गठित कमेटियों के कामकाज, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन का आकलन करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, प्रदेश संगठन प्रभारी संजय कामले, मुन्ना रघुवंशी और ललित सेन सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। बैठक में प्रदेशभर में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि विधानसभा प्रभारियों को पहले सौंपे गए संगठनात्मक दायित्वों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। इसमें ग्राम पंचायत, मंडल और ब्लॉक कमेटियों के गठन, उनकी गतिविधियों और अब तक किए गए कार्यों का आकलन किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में अभी नियुक्तियां पूरी नहीं हुई हैं, वहां प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है।
आंदोलनों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी भी जांचेंगे
बैठक में पिछले दिनों प्रदेशभर में आयोजित आंदोलनों और पार्टी के कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी की भी समीक्षा की जा रही है। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान, पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली और निष्क्रियता से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की जा रही है। इसके आधार पर संगठनात्मक जिम्मेदारियों को अधिक प्रभावी बनाने के उपाय तलाशे जा रहे हैं।
आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर मंथन
मुकेश नायक के अनुसार, जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने के लिए उत्प्रेरक समूह तैयार किया गया है। अब इसकी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने और जनहित के सवालों पर आंदोलनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी भूमिका मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
कार्यशाला में संगठनात्मक जवाबदेही तय करने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बैठक को आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और संगठन की मौजूदा कमजोरियों की पहचान करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे