राजगढ़ःनिर्माणाधीन कुआं धंसने से कांग्रेस नेता की मां और पत्नी मलबे में दबी, जेसीबी-पोकलेन से रेस्क्यू जारी

 


राजगढ़, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बामनगांव में बुधवार को खेत में निर्माणाधीन कुआं अचानक धंस जाने से कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष मुकेश कोट की मां और पत्नी मिट्टी के मलबे में दब गईं। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता मुकेश कोट अपने खेत में पुराने कुएं का पुनर्निर्माण करा रहे थे। कुएं की खुदाई के बाद उसकी बाउंड्री आरसीसी से बनाई गई थी और निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका था। आरसीसी को मजबूत करने के लिए कुएं के आसपास की मिट्टी को गीला किया गया था। साथ ही बाउंड्री में लोहे की सेंटरिंग भी लगी हुई थी। बुधवार को मुकेश कोट की 60 वर्षीय मां रूपाबाई और उनकी 30 वर्षीय पत्नी पिंकीबाई निर्माणाधीन कुएं को देखने खेत पर पहुंची थीं। दोनों महिलाएं कुएं के पास बिखरी गिट्टी को व्यवस्थित कर रही थीं। इसी दौरान अचानक कुएं के आसपास की मिट्टी धंस गई। महिलाएं संभल नहीं सकीं और धंसती मिट्टी के साथ करीब 25 फीट गहरे कुएं में जा गिरीं। देखते ही देखते ऊपर से भारी मात्रा में मिट्टी गिरने लगी और कुआं लगभग पूरी तरह भर गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तीन जेसीबी और एक पोकलेन मशीन की मदद से मिट्टी हटाने का कार्य जारी है। करीब 50 से अधिक लोगों की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर कुएं के आसपास बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। देर शाम तक दोनों महिलाओं को निकालने के प्रयास जारी रहे। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक