जनपद भवन को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, न्याय यात्रा निकाल एसडीएम कार्यालय का किया घेराव

 


खाचरौद, 19 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उज्‍जैन जिले के खाचरौद में नवीन जनपद पंचायत भवन के लिए भूमि आवंटन नहीं होने और प्रस्तावित स्थल पर तहसील भवन निर्माण शुरू किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को जनआंदोलन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में न्याय यात्रा निकालकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया और मुख्यमंत्री तथा संभागायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।

न्याय यात्रा चबूतरा चौराहा से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कृषि उपज मंडी स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के बावजूद जानबूझकर जनपद पंचायत भवन के लिए भूमि आवंटन में देरी की जा रही है। नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भूमि पूजन किए जाने के बाद भी जनपद भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई, जबकि उसी स्थान पर जल्दबाजी में नवीन तहसील भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि वर्तमान में प्रस्तावित स्थल पर तहसील कार्यालय परिसर विकसित किया जाए, जबकि वर्तमान तहसील कार्यालय और पंचवटी होटल के आसपास की भूमि पर जनपद पंचायत का नया भवन बनाया जाए, ताकि दोनों प्रशासनिक संस्थाएं शहर के मुख्य क्षेत्र में संचालित हो सकें और आमजन को सुविधाएं मिलती रहें।

आंदोलन का नेतृत्व पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर, जनपद पंचायत अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह पंवार तथा नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द भरावा ने किया। प्रदर्शन में महेश परमार, दिनेश जैन सहित कांग्रेस के पार्षद, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi