राजगढ़ः किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन,एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़,9 अप्रैल (हि.स.)। किसानों की लगातार बढ़ती समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित सभा के बाद पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में ब्यावरा नाका पहुंचे, जहां उन्होंने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद राज्यपाल के नाम एसडीएम निधि भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा गया।
सभा में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करते हुए किसानों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियवृतसिंह ने कहा कि प्रदेश में भेदभाव और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हित में बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं। किसानों को अभी भी अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह द्वारा दिए गए उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें खेती को लाभ का धंधा बनाने की बात कही गई थी। प्रियवृतसिंह ने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था समय पर शुरू नहीं होने से किसान असमंजस में रहते हैं। बार-बार तिथियां बदलने के कारण किसान अपनी फसल बेचने के लिए भटकने को मजबूर हो जाते हैं। कई मंडियों में सुविधाओं की कमी होने से किसानों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में समर्थन मूल्य पर खरीदी में देरी, मंडियों में अव्यवस्था, बिजली समस्या सहित अन्य मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक