कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भाजपा का हमला, विश्वास सारंग बोले- ‘स्लीपर सेल’ टिप्पणी गुटबाजी का प्रमाण
भोपाल, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस की आंतरिक राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के लिए कथित तौर पर स्लीपर सेल जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाना पार्टी की अंदरूनी कलह और गुटबाजी का प्रमाण है।
सारंग ने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी अब पार्टी कार्यालयों तक सीमित नहीं रही, बल्कि सार्वजनिक मंचों और सड़कों तक दिखाई देने लगी है। उनके अनुसार, कांग्रेस के नेता ही एक-दूसरे पर आरोप लगाकर पार्टी की आंतरिक स्थिति उजागर कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने के बजाय बिना तथ्यों के आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के पास जनहित के मुद्दों पर कहने के लिए कुछ नहीं होता, तब वह आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति का सहारा लेती है।
विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और वर्चस्व की लड़ाई अब खुलकर सामने आ रही है। उनका दावा था कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सार्वजनिक बयान संगठन में गहरे मतभेद और नेतृत्व संकट की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एक जिम्मेदार और रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनहित के मुद्दों पर काम करना चाहिए, लेकिन पार्टी फिलहाल अपनी आंतरिक चुनौतियों से ही जूझ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे