अनूपपुर: हल्द्वानी की घटना के विरोध में अनूपपुर में कांग्रेस का विरोध मार्च, सत्याग्रह

 




अनूपपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली स्थल पर कथित शुद्धिकरण की घटना के विरोध में शुक्रवार को अनूपपुर जिला मुख्यालय में कांग्रेस ने जिला स्तरीय विरोध मार्च और सत्याग्रह किया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में हुआ। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा व संविधान की पुस्तक लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेशन चौक पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय लौटे, जहां सत्याग्रह सभा आयोजित की गई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने हल्द्वानी की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सामाजिक भेदभाव और जातिवादी मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान सम्मान और अधिकार देता है। जाति के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव लोकतांत्रिक भारत की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने सामाजिक समानता, सम्मान और संविधान की रक्षा के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई।

विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति, धर्म अथवा सामाजिक पहचान के आधार पर किसी स्थान को अपवित्र बताना संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। कांग्रेस ऐसी भेदभावपूर्ण मानसिकता के खिलाफ शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने मांग की कि कथित कृत्य में शामिल लोगों की पहचान कर निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई हो, ताकि सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि विरोध मार्च और सत्याग्रह के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय एवं समानता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातिगत भेदभाव के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला