राजगढ़ः कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 06 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस द्वारा किसानों की गेहूं खरीदी, न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन में बंद किए गए आवेदनों को पुनः शुरू करवाने की मांग को लेकर सोमवार को एसडीएम गोविंदकुमार दुबे को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि ब्यावरा सहित संपूर्ण मध्यप्रदेश कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां अधिकांश जनसंख्या कृषि पर निर्भर है। वर्तमान में विवाह का मौसम होने से किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है, वहीं सरकार द्वारा गेहूं खरीदी की तारीख बार-बार बढ़ाने से किसान मजबूरन अपनी फसल कम दामों में बेचने को विवश हो रहे हैं।
कांग्रेस ने ज्ञापन में तुलना करते हुए बताया कि पड़ोसी राज्य राजस्थान में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2735 रुपए प्रति क्विंटल है, जबकि मध्यप्रदेश में यह केवल 2625 रुपये निर्धारित है, जो किसानों के हित में पर्याप्त नहीं है। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन में पूरे जिले में मात्र 200 जोड़े लेने का प्रावधान और बीपीएल कार्ड की अनिवार्यता को पूरी तरह अनुचित बताया गया। पार्टी ने मांग की कि योजना में जोड़ों की संख्या बढ़ाई जाए तथा बीपीएल अनिवार्यता को समाप्त किया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवार लाभ से वंचित न रहें।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. भारत वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, विष्णुदेव शास्त्री, जिला पंचायत सदस्य विश्वनाथ दांगी,शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल शिवहरे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना भार्गव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन अरोरा, पार्षद पूनम मेवाड़े, ज्ञानु विजयवर्गीय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक