बंडा शराबकांड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने पर अड़ी कांग्रेस, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
सागर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में हुए चर्चित शराबकांड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और प्रदेशभर में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि अवैध शराब के कारण हुई मौतों के मामले में पारदर्शिता जरूरी है। बंडा में हुई मौतों और अवैध शराब के कारोबार की जांच के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट बिना देरी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि मामले की वास्तविकता जनता के सामने आ सके।
अवैध शराब के नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने ज्ञापन में सागर जिले के देवरी और नरयावली क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही इस कारोबार में शामिल माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आबकारी विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित आबकारी अधिकारी को तत्काल पद से हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
जिला अध्यक्ष महेश जाटव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बंडा शराबकांड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया, तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे