जबलपुर में बढ़ते अपराध के खिलाफ युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, एसपी ऑफिस घेरने पहुंचे कार्यकर्ता

 


जबलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में मंगलवार को युवक कांग्रेस ने मंगलवार को एसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।

प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घमापुर से रैली निकालते हुए एसपी ऑफिस पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।

प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में हत्या, लूट, चाकूबाजी और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन ने फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए एसपी कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था

यश घनघोरिया ने आरोप लगाया कि जबलपुर में हत्या और लूट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार को लेकर भी पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए।

घनघोरिया का आरोप है कि आम लोग शिकायत लेकर थानों में पहुंचते हैं, लेकिन कई मामलों में उनकी सुनवाई नहीं होती और आवेदन लेकर उन्हें भटकाया जाता है। उन्होंने पुलिस और अपराधियों के बीच कथित सांठगांठ का आरोप लगाते हुए इसकी जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शहर की कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आगे और बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों से कथित सांठगांठ करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी युवक कांग्रेस आवाज उठाएगी।

युवा कांग्रेस ने जबलपुर में हाल के महीनों में सामने आई हत्या, बैंक डकैती, चाकूबाजी और रेस्टोरेंट में युवती की हत्या जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से शहरवासियों में असुरक्षा की स्थिति बन रही है। युवक कांग्रेस ने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक