पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस की 200 किमी साइकिल यात्रा का भोपाल में समापन, सरकार पर साधा निशाना
सीहोर की सभा में जीतू पटवारी ने भर्ती परीक्षाओं, भ्रष्टाचार और युवाओं के मुद्दे उठाए, यात्रा के दौरान कई स्थानों पर यातायात प्रभावित
भोपाल, 15 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों की गूंज अभियान के तहत मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की इंदौर से भोपाल तक निकाली गई करीब 200 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा (साइक्लोथॉन) का बुधवार को भोपाल में समापन हुआ। कांग्रेस ने इस यात्रा के माध्यम से पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
यात्रा मंगलवार को इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) से शुरू हुई थी। दूसरे दिन बुधवार काे यह सीहोर जिले के कोठरी, आष्टा और सीहोर होते हुए भोपाल पहुंची। यात्रा में पूर्व मंत्री सचिन यादव, अभिनेता विक्रम मस्ताल शर्मा सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
सीहोर में सरकार पर साधा निशाना
सीहोर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब वे प्रदेश में भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाते हैं तो मुख्यमंत्री उन्हें रद्दी वाला अध्यक्ष कहकर संबोधित करते हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाब देने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
यात्रा के दौरान कई घटनाक्रम
कोठरी कस्बे में स्वागत कार्यक्रम के दौरान तकनीकी कारणों से माइक उपलब्ध नहीं हो सका, जिसके चलते जीतू पटवारी बिना संबोधन दिए अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गए। सीहोर के निकट बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर यात्रा के स्वागत के लिए पहुंचे। वहीं फंदा के पास इंदौर-भोपाल हाईवे पर यात्रा के कारण कुछ समय के लिए दोनों ओर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट किया। इस दौरान कुछ एंबुलेंसों को भी जाम का सामना करना पड़ा।
सातवीं की छात्रा का भाषण चर्चा में रहा
सीहोर की जनसभा में कक्षा सातवीं की छात्रा यशिका सरकार ने पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दे पर संबोधन दिया। छात्रा ने विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर चिंता जताई, जिसे सभा में मौजूद लोगों ने सराहा।
भोपाल में हुआ स्वागत
भोपाल पहुंचने पर हमीदिया अस्पताल, रॉयल मार्केट और ताज-उल-मसाजिद क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। एनएसयूआई कार्यकर्ता क्रेन से विशाल माला लेकर पहुंचे, जबकि कई स्थानों पर समर्थकों ने साइकिल रैली के स्वागत में नारेबाजी की। कुछ युवाओं द्वारा साइकिल स्टंट करने की घटनाएं भी सामने आईं।
यात्रा में भागीदारी पर भी रही चर्चा
कांग्रेस ने यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया। हालांकि, यात्रा आगे बढ़ने के साथ साइकिल सवारों की संख्या को लेकर भी चर्चा रही। इस पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई। कांग्रेस का कहना है कि यह साइक्लोथॉन युवाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर आयोजित की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे