राजगढ़ः 20 साल से सड़क नहीं बनने पर फूटा गुस्सा,कांग्रेस व रहवासियों ने लगाया जाम
राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के वार्ड क्रमांक 8 में एचडीएफसी बैंक के पीछे से न्यू एरा पब्लिक स्कूल और साईं कृपा स्कूल तक वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर शुक्रवार को स्थानीय रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रवासियों ने पुराने एबी रोड पर एचडीएफसी बैंक के सामने सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन करीब आधे घंटे तक चला।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि करीब 20 वर्षों से इस मार्ग का निर्माण नहीं हुआ, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़, जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढे बनने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, अभिभावकों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन न्यू एरा पब्लिक स्कूल और साईं कृपा स्कूल के सैकड़ों विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक गुजरते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने नगर पालिका से तत्काल सीसी सड़क का निर्माण कराने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन की सूचना पर नगर पालिका प्रशासन मौके पर पहुंचा। नगर पालिका के उपयंत्री रूपेश नेताम ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 15 दिनों के भीतर दोबारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं नगर पालिका सीएमओ इकरार अहमद ने भी जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
धरने में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल शिवहरे, संगठन महासचिव कमलेश विश्वकर्मा, संजय बंसल, राजेश शिवहरे, सूरज दांगी, सुनील दांगी, मानस जोशी, अशोक दुबे, संदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक