कांग्रेस का आराेप, गेहूं खरीदी में किसानों से धोखा कर रही है भाजपा सरकार

 


भोपाल, 24 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर गेहूं खरीदी व्यवस्था में गंभीर अनियमितताओं और किसानों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। रविवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।

कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर 95 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का दावा कर रही है, जबकि दूसरी ओर प्रदेश में अभी भी करीब 160 लाख मीट्रिक टन गेहूं किसानों के पास बचा हुआ है। इससे स्पष्ट है कि बड़ी संख्या में किसानों की उपज अब तक खरीदी केंद्रों तक नहीं पहुंच पाई है।

“50 प्रतिशत किसान स्लॉट के इंतजार में”

उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से वादा किया था कि उनकी पूरी उपज खरीदी जाएगी, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है। उनके अनुसार लगभग 50 प्रतिशत किसान अब भी स्लॉट बुकिंग के लिए इंतजार कर रहे हैं। कुणाल चौधरी ने ऑनलाइन खरीदी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “सरकार ने पूरी व्यवस्था इतनी ऑनलाइन कर दी है कि किसान लाइन में खड़ा-खड़ा ऑफलाइन हो रहा है।” उन्होंने दावा किया कि खरीदी केंद्रों पर सर्वर की खराबी और तकनीकी दिक्कतों के कारण किसानों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है।

खरीदी अवधि को लेकर उठाए सवाल

कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले खरीदी अवधि बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन बाद में 30 मई तक स्लॉट बुकिंग के बजाय इसे 28 मई तक सीमित कर दिया। इसे उन्होंने किसानों के साथ “अन्याय और भ्रम की स्थिति” बताया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच किसान पहले ही परेशान हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती हो रही है। इसके चलते किसानों और ग्रामीणों को अतिरिक्त समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

समर्थन मूल्य और बाजार व्यवस्था पर सवाल

चौधरी ने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचते समय उचित दाम नहीं मिलता, जबकि बाजार में वही उत्पाद महंगे दामों पर खरीदना पड़ता है। उन्होंने इसे किसान विरोधी नीतियों का परिणाम बताया। उन्हाेंने मांग की कि प्रदेश सरकार तत्काल गेहूं खरीदी की अवधि बढ़ाए, सभी किसानों को तत्काल स्लॉट उपलब्ध कराए, सर्वर और ऑनलाइन व्यवस्था को सुचारू बनाए, खरीदी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए तथा किसानों की फसल का पूरा समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करे। पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे