राजगढ़ःस्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों पर बवाल, करणी सेना-कांग्रेस ने किया एमपीईबी कार्यालय का घेराव
राजगढ़,6 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में सोमवार को करणी सेना और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। बस स्टैंड से रैली निकालकर बड़ी संख्या में लोग बिजली कंपनी (एमपीईबी) कार्यालय पहुंचे और घेराव कर स्मार्ट मीटर हटाने, गलत बिजली बिलों में सुधार तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल निराकरण करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कई उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिल दिखाते हुए विभाग पर मनमानी का आरोप लगाया।
एक महिला उपभोक्ता ने बताया कि इस बार उनके घर का बिजली बिल 5 हजार रुपए से अधिक आया है, जबकि पहले कभी इतना बिल नहीं आया। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि कई उपभोक्ताओं के मीटरों की रीडिंग लगातार पांच महीने तक शून्य दर्ज की गई और छठे महीने एक साथ करीब 360 यूनिट जोड़कर भारी-भरकम बिल थमा दिए गए। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। विरोध बढ़ने पर बिजली कंपनी के सहायक यंत्री (एई) विद्यासागर मिश्रा ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय बिजली कंपनी का नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत लिया जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि जिन उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से आपत्ति है, वे आवेदन दे सकते हैं। जांच के बाद आवश्यकता होने पर उनके यहां पुनः पुराना मीटर लगाया जाएगा। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। करणी सेना और कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बढ़े हुए बिजली बिलों में सुधार नहीं किया गया और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक