सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखकर कारोबार करना पड़ा भारी, निगम ने सात व्यवसायियों पर की कार्रवाई

 


भोपाल, 3 सितंबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल में सार्वजनिक मार्गों पर भवन निर्माण सामग्री रखकर कारोबार करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम अमले ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर व्यवसाय करते पाए गए सात व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई की। सभी से कुल 33 हजार रुपये का जुर्माना और मौके पर दंड वसूला गया।

नगर पालिक निगम की ओर से शहर में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के अनुरूप अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। निगम के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने, प्रदूषण फैलाने और सार्वजनिक संपत्तियों को विरूपित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अधीनस्थ क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसी दौरान जोन क्रमांक 16 के अमले ने वार्ड क्रमांक 73 और 76 के 80 फीट रोड मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। यहां सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखकर व्यवसाय करते पाए गए सात व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

निगम अमले ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यवसायियों से कुल 33 हजार रुपये की राशि जुर्माना एवं मौके पर दंड के रूप में वसूल की। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अव्यवस्था फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा